India News Today : आज देश के कई हिस्सों में रंग पंचमी का त्योहार मना रहे हैं। इस दिन मौसम का हाल बहुत बदला हुआ है। आज से पांच विभूतियों के नाम के पहले भारत रत्न जुड़ गया है।
LK Advani अकेले, जो खुद ग्रहण करेंगे भारत रत्न
देश में इस साल पहली बार पांच शख्सियतों को भारत रत्न (Bharat Ratna) दिया जा रहा है। इसमें से डॉ. लाल कृष्ण आडवाणी (LK Advani) अकेले हैं, जो खुद यह सम्मान ग्रहण करेंगे। सामान्य ज्ञान की किताबों में दर्ज जननायक कर्पूरी ठाकुर (Karpuri Thakur), पूर्व प्रधानमंत्री पामुलापार्ति व्यंकट नरसिम्हा राव (PV Narasimha Rao), पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा, चैत्र कृष्ण पक्ष पंचमी 2080, शनिवार 30 मार्च 2024 की तारीख इसलिए भी अहम है कि देश के कई हिस्सों में आज रंग पंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है। रंग पंचमी से पहले शुक्रवार की शाम से देश के कई हिस्सों में मौसम (Weather Report) ने तेज करवट ली। शुक्रवार शाम में दिल्ली-एनसीआर और आसपास में बारिश, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तक हुई है। आज देश के कई हिस्सों में बारिश और कई जगह बर्फबारी (Today Weather) का अलर्ट है।
This event has ended.
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को देश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-बारिश और कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का अलर्ट दिया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आंधी तूफान जैसी तेज हवा और गरज के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज आंधी के साथ वज्रपात और बारिश का अलर्ट है। जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, मुजफ्फराबाद, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ बर्फबारी के भी आसार हैं। असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है।
अपनी जन अधिकार पार्टी को खत्म कर कांग्रेस में आने वाले पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने साफ किया है कि पूर्णिया से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में वह दो अप्रैल को नामांकन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में कई सीटों पर इंडी एलायंस के दलों के बीच भी फ्रेंडली फाइट है, इसलिए यहां भी हो रहा तो चौंकने वाला कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की सीट पर वह लड़ेंगे और यहां से कांग्रेस का झंडा लहराएगा। उन्होंने कभी कांग्रेस नहीं छोड़ने का दावा किया और कहा कि अपने जीते जी बिहार की 40 में से 40 सीटों पर कांग्रेस का झंडा लहराना उनके जीवन का उद्देश्य है।
पहलगाम समेत जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में और केलॉन्ग समेत हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शनिवार को सुबह भारी बर्फबारी से नजारा बदल गया। मौसम पूर्वानुमान में बर्फबारी के आसार बताए गए थे। कई इलाकों में बर्फबारी के कारण आवाजाही भी प्रभावित है।
बिहार में जननायक कहे जाने वाले कर्पूरी ठाकुर समेत देश की पांच विभूतियों को शनिवार को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इनमें सिर्फ पूर्व उप प्रधानमंत्री डॉ. लालकृष्ण आडवाणी खुद से भारत रत्न लेने नहीं आ सके तो अब राष्ट्रपति उनकी तबीयत को देखते हुए आवास पर जाकर सम्मान सौंपेंगी। कर्पूरी ठाकुर का भारत रत्न सम्मान उनके बेटे रामनाथ ठाकुर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिया। बाकी तीन और विभूतियों पूर्व प्रधानमंत्री पामुलापार्ति व्यंकट नरसिम्हा राव (PV Narasimha Rao), पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन के परिजनों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
पहले चरण में 19 अप्रैल को बिहार के नक्सल-प्रभावित औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में भी मतदान होना है। शनिवार को औरंगाबाद पुलिस ने लोकसभा चुनाव के दौरान माओवादियों की दहला देने वाली बड़ी साजिश का खुलासा किया। पुलिस ने छह शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बम को बरामद कर उसे डिफ्यूज किया। औरंगाबाद एसपी स्वपना गौतम मेश्राम ने बताया कि औरंगाबाद और गया जिले के सीमावर्ती मदनपुर थाना क्षेत्र में छकरबंधा के जंगल से पुलिस ने छह प्रेशर आईईडी को बरामद किया।
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पटना स्थित आवास पर शनिवार दोपहर बाद विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला पहुंचे। उन्होंने बताया कि वैशाली से लोकसभा टिकट के लिए बात हो चुकी है, वही लेने आए हैं और लालू प्रसाद का आशीर्वाद भी। मुन्ना शुक्ला उसी डीएम जी. कृष्णैया मर्डर केस से केस से चर्चा में आए थे, जिसमें बाहुबली आनंद मोहन कुछ समय पहले बरी होकर दोबारा सक्रिय हुए हैं। अपने भाई की हत्या में मुन्ना शुक्ला राबड़ी देवी सरकार के मंत्री बृज बिहारी प्रसाद को दोषी मानते थे और फिर उन्हीं की हत्या में सजा भुगतने के कारण चुनावी राजनीति से नियमानुसार दूर थे। अब वह खुद के लिए टिकट लेने आए हैं या किसी परिजन के नाम पर, यह टिकट मिलने के बाद पता चलेगा।