Election 2024 में मुंगेर लोकसभा का चुनाव दिलचस्प मोड़ पर है। ललन सिंह को अब ‘ललन सिंह’ ही चुनौती देंगे।
मुंगेर सांसद ललन सिंह मुश्किल में हैं। जातीय समीकरण को साधने के लिए आरजेडी ने मुंगेर के अखाड़े में अशोक महतो की पत्नी अनीता कुमारी को उतार कर ललन की मुश्किलें पहले से बढ़ा रखी थी। अब भाजपा नेता ललन सिंह ने भी मुंगेर से चुनाव लड़ने का ऐलान कर मुंगेर की लड़ाई को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
ललन सिंह ने मुंगेर से लड़ने का किया ऐलान
मुंगेर लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए में दरार पैदा हो गयी है। इस निर्वाचन क्षेत्र से बाहुबली भाजपा नेता ललन सिंह ने भी चुनावी मैदान में कूदने का ऐलान कर सूबे की सियासत का तापमान बढ़ा दिया है। लिहाजा मुंगेर का चुनाव सांसद ललन सिंह बनाम बाहुबली ललन सिंह के बीच देखने को मिल सकता है। बाहुबली ललन सिंह ने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार एनडीए प्रत्याशी सांसद ललन सिंह को चुनौती देने का ऐलान किया है। खबर तो ये भी है कि 24 अप्रैल को बाहुबली ललन सिंह अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
कौन हैं भाजपा नेता बाहुबली ललन सिंह, पत्नी लड़ चुकी हैं भाजपा से चुनाव
मोकामा विधान सभा उप चुनाव में बाहुबली ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी ने भाजपा से चुनावी किस्मत आजमाया था। अब भाजपा नेता बाहुबली ललन सिंह ने भी मुंगेर से निर्दलीय ताल ठोक कर सांसद ललन सिंह को कड़ी चुनौती देने की घोषणा कर दी है। बाहुबली ललन सिंह के चुनावी अखाड़ा में कूदने से मुंगेर लोकसभा का मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है। क्योंकि यहां राजद के टिकट से बाहुबली अशोक महतो की पत्नी अनिता कुमारी चुनाव मैदान में हैं।