Bihar News में इस समय राजनीति की बात। नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से निकले उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनता दल रखा था, अब यह बदल गया है।
देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) की पार्टी का नाम बदल गया है। अब उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक मोर्चा (Upendra Kushwaha party) हो गया है। पहले उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनता दल था। मीडिया से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक जनता दल का नाम अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा हो गया है।
रजिस्ट्रेशन के क्रम में चुनाव आयोग और हमारी बीच पार्टी के संशोधित नाम ‘राष्ट्रीय लोक मोर्चा’ पर सहमति बन गई। अब इस संशोधित नाम अर्थात ‘राष्ट्रीय लोक मोर्चा’ को चुनाव आयोग की ओर से रजिस्टर कर दिया गया है। आयोग की ओर से रजिस्ट्रेशन का आदेश भी जारी कर दिया गया है। कुशवाहा ने कहा कि मैं चुनाव आयोग के प्रति विशेष आभार जताता हूं। अब हमारी पार्टी ‘राष्ट्रीय लोक मोर्चा’ है।
हमारी पार्टी एनडीए के साथ मिलकर लड़ेगी
मीडिया से बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि हमारी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से काम करेगी और हमारी पार्टी एनडीए के मिल करके चुनाव लड़ेगी। उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में 40 में से 40 सीट जीतने जा रहा है। वहीं नीतीश कुमार से संबंध के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे हमारे व्यक्तिगत संबंध थे। लेकिन, राजनीति संबंध अलग होते हैं। वह जिनके साथ गए थे, तो हम बार-बार कहते थे नीतीशजी की स्थिति को देखकर दया आती थी। अब वह फिर से राजग में वह आ गए हैं, उनका स्वागत है।