Bihar News में खबर बेगूसराय लोकसभा सीट से। यहां एनडीए उम्मीदवार और भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह के लिए मुसीबत बढ़ती नजर आ रही है।
एनडीए ने बेगूसराय से भले ही गिरिराज सिंह को दोबारा मैदान में उतार दिया है। लेकिन यहां सियासी हलचल फिर से तेज हो गई है। एक बार फिर राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा के सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। इसके साथ ही मटिहानी के पूर्व विधायक बोगो सिंह के दावे और राकेश सिन्हा के साथ उनकी कुछ तस्वीरों को खूब वायरल किया जा रहा है। हालांकि राकेश सिन्हा की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।
राकेश सिन्हा का पोस्ट क्यों हो रहा वायरल
राकेश सिन्हा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X से एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा ‘जो छात्र पूरे साल पढ़ता है उसे परीक्षा के समय कम पढ़ना पड़ता है’। वैसे तो इस पोस्ट में बेगूसराय लोकसभा को लेकर कुछ नहीं लिखा गया है। लेकिन सोशल मीडिया पर ही लोग इस पोस्ट के कई मायने निकाल रहे हैं। कई लोगों का दावा है कि राकेश सिन्हा ने ये पोस्ट बेगूसराय को लेकर लिखा है। हालांकि राकेश सिन्हा की ओर से ऐसी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बोगो सिंह के बयान से मचा हड़कंप
मटिहानी के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह के बेगूसराय से निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चा थी। लेकिन अब समीकरण बदलता नजर आ रहा है। कहा जा रहा है कि बोगो सिंह ने राकेश सिन्हा को समर्थन किया है। बोगो सिंह ने कहा है कि बेगूसराय की जनता उनको डाकिया बनाकर लोकसभा भेजेगी। बोगो सिंह के साथ राकेश सिन्हा की तस्वीरें भी वायरल की जा रहीं हैं। ऐसे में कयासों का बाजार गर्म है। हालांकि राकेश सिन्हा से कुछ दिन पूर्व ही ‘रिपब्लिकन न्यूज’ ने इस बारे में व्हाट्सएप पर सवाल किया था। लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
Election 2024 : बेगूसराय से राकेश सिन्हा लड़ेंगे चुनाव? जल्द घोषणा का दावा, मुश्किल में गिरिराज