Bihar News : यह दर्दनाक घटना उस वक्त हुई है जब शादी के बाद एक रस्म के लिए भीड़ जुटी थी। अचानक पहुंची तेज रफ्तार कार ने सब तबाह कर दिया।
Accident News : शादी के बाद रस्म कर रही भीड़ को कार ने कुचला
बिहार में भीषण हादसा हुआ है। शादी के बाद रस्म के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी थी। तभी एक अनियंत्रित कार बेलगाम होकर घरों को तोड़ते हुए भीड़ में जा घुसी। तेज रफ्तार कार ने 9 लोगों को रौंद डाला। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक बच्ची समेत 4 महिलाएं शामिल हैं। दिल दहलाने वाला यह हादसा शनिवार की शाम छपरा में हुआ है। हादसे के बाद उग्र लोगों ने स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन किया है।
Chapra News : अमनौर-सोनहो मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा
छपरा के SH 73 स्थित अमनौर सोनहो मुख्य मार्ग पर हुए इस हादसे से लोग सहम गए हैं। चंद्र दीप राय के बेटे की शादी 7 मार्च को हुई थी। बारात लौटने के बाद अगले दिन महिलाएं चौठारी की रस्म के लिए दरवाजे पर जुटी थीं। तभी सोनहो की तरफ से एक तेज रफ्तार SUV कार अचानक बेकाबू होकर पहुंची। कार ने दरवाजे के सामने रखे ईंटों के घेरों को तोड़ते हुए महिलाओं और बच्चों को रौंद डाला। भीड़ को कुचलने के बाद कार एक घर से टकरा कर रुक गई।
Road Accident Bihar : इन 4 लोगों की हुई मौत
इस घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। जबकि 5 लोग जख्मी हुए हैं। मृतकों में उपेंद्र राय की पत्नी लालमुनि देवी, उनकी पोती दीपिका कुमारी (5 वर्ष), फूलमती देवी, स्वीटी कुमारी शामिल हैं। वहीं उषा देवी, अकली देवी, विकास कुमार गंभीर रूप से जख्मी हैं सभी को पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है। हादसे के बाद लोगों ने स्टेट हाईवे को जाम कर प्रदर्शन किया।