Bihar News : बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के कुछ घंटे पहले लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अस्पताल में भर्ती हो गए हैं।
Tej Pratap Yadav अस्पताल में भर्ती
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की तबियत बिगड़ गई है। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पटना के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लड प्रेशर के साथ सीने में दर्द की शिकायत के बाद डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अबतक कोई गंभीर बात सामने नहीं आयी है। जांच की प्रक्रिया चल रही है। तेज प्रताप बात करने की स्थिति में हैं, हालांकि सांस की तकलीफ को देखते हुए उन्हें ऑक्सीजन लगाकर रखा गया है
पिछले साल जुलाई में इसी तरह पड़े थे बीमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पेट पर हाथ फेरने की नकल करने के कारण दो दिन पहले चर्चा में रहे तेज प्रताप यादव शुक्रवार को पटना के निजी अस्पताल में भर्ती किए गए। इससे पहले वह इसी तरह की परेशानी के कारण पिछले साल जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। तब भी उन्हें सीने में दर्द हुआ था। भर्ती कराए जाने के बाद वह तब कई घंटे अस्पताल में रहे थे। इस समय वह राज्य सरकार में मंत्री थे, जिसके कारण भारी संख्या में डॉक्टर भी उनका हालचाल पूछ रहे थे।
चक्कर खाकर गिर भी चुके हैं तेज प्रताप
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 से पहले एक बार तेज प्रताप यादव चक्कर खाकर गिरने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। इसके बाद लगभग हर साल उन्हें एक बार भर्ती कराया जा रहा है। वर्ष 2021 और 2022 में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिता लालू प्रसाद यादव की किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान तेज प्रताप यादव ने जगह-जगह पूजा की थी।