Bihar News : बिहार में जमीनी विवाद के दौरान पैसों का खेल जमकर हो रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर निगरानी विभाग ने एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए दबोचा है।
Vigilance Raid Bihar : 60 हजार घूस लेता राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
बिहार में भूमि सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। भूमि विवाद के मामलों को कम करने के लिए सरकार सर्वे करवा रही है। सर्वे पर करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं। जबकि सरकार के कर्मी भूमि विवाद सुलझाने के नाम पर लाखों रुपए रिश्वत वसूल रहे हैं। एक ऐसा ही मामला जमुई जिले से सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा है। निगरानी की इस कार्रवाई के बाद घूसखोर कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है।
Jamui News : आवेदक की भूमि का परिमार्जन के बदले मांगे थे पैसे
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय की टीम के द्वारा गुरुवार को जमुई जिले में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान खैरा अंचल के राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार को 60 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पंचायत भवन खैरा से गिरफ्तार किया गया है। निगरानी द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि परिवादी सुरेंद्र सिंह ने 16 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार ने जमीन के परिमार्जन करने के लिए 70 हजार की मांग की है।
Jamui Bihar : निगरानी डीएसपी राजन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में टीम ने दबोचा
पीड़ित की शिकायत पर निगरानी ने मामले का सत्यापन कराया तो 60 हजार रिश्वत मांगने की बात सामने आई। आरोप सही पाए जाने के बाद कांड दर्ज कर निगरानी डीएसपी राजन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इस टीम ने राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार को पंचायत भवन में 60 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को पूछताछ के बाद निगरानी न्यायालय भागलपुर में उपस्थित किया जाएगा।