Bihar News में मंत्री अशोक चौधरी खूब चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके एक पोस्ट ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया। उसके बाद अशोक चौधरी सीएम हाउस तलब हो गए।
JDU के मंत्री Ashok Chaudhary ने CM Nitish Kumar पर किया हमला?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बढ़ती उम्र और उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार सवाल उठते हैं। लेकिन जब यही सवाल उनकी ही पार्टी के मंत्री उठाने लगें तो बवाल मचना लाजमी है। इस बार बवाल मचाने का काम फिर से अशोक चौधरी ने किया है। मंत्री अशोक चौधरी ने सोशल मीडिया X पर ऐसा पोस्ट किया जिसके बाद सियासी महकमे में खलबली मच गई। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार की बढ़ती उम्र को लेकर उन पर तंज कसा है। इस पोस्ट की गूंज सीएम हाउस तक पहुंच गई। मंत्री अशोक चौधरी सीएम हाउस तलब किए गए। दावा किया जा रहा है कि उन्हें फटकार भी लगाई गई।
मंत्री का पोस्ट : एक उम्र के बाद कोई आपको न पूछे तो दिल पर लेना छोड़ दीजिए
मंत्री मंत्री अशोक चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक कविता के जरिए तंज किया है। दावा है कि सीएम नीतीश की बढ़ती उम्र का हवाला देते हुए अशोक चौधरी ने उन पर तंज कसा है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है ‘एक उम्र के बाद कोई आपको न पूछे या कोई पीठ पीछे आपके बारे में गलत कह रहा है तो दिल पर लेना छोड़ दीजिए… अपने हाथ कुछ नहीं, ये अनुभव आने पर भविष्य की चिंता करना, छोड़ दीजिए’।
जेडीयू में खलबली, तलब किए गए अशोक चौधरी
मंत्री अशोक चौधरी के इस पोस्ट पर जदयू खेमे में खलबली मच गई। सूत्रों के अनुसार, कुछ नेताओं ने इसकी जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी। लिहाजा नीतीश कुमार ने तुरंत ही अशोक चौधरी को सीएम हाउस तलब कर लिया। यहां उन्हें फटकार लगाने की बात भी कही जा रही है। हालांकि मंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि वह सीएम हाउस जाते ही रहते हैं।
मंत्री अशोक चौधरी की सफाई, मैं तो सीएम हाउस जाता ही हूं
मीडिया ने जब मंत्री अशोक चौधरी से इस पूरे प्रकरण पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि यह बात उन्होंने आजकल के बच्चों के लिए लिखी है। बच्चे बड़ों की बात अब नहीं मानते हैं। अगर कोई यह अंदाजा लगा रहा है कि मैंने यह बात राजनीतिक तौर पर लिखी है तो यह उसकी समझ की बात है। सीएम हाउस तलब किए जाने के सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि वह अक्सर सीएम हाउस जाते रहते हैं।
1 comment
मैं रिपब्लिकन न्यूज़ को हमेशा पढ़ता हूं । हमेशा सच को परोसने का काम करता है