Bihar News में हत्या की ऐसी कहानी जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। एक पत्नी अपने पति की हत्या को मोबाइल पर लाइव देख रही थी। शादी हुए अभी एक माह ही बीता था।
Motihari : हत्या के बाद चीखती रही पत्नी, नहीं हुआ शक
मोतिहारी के पकड़ी दयाल थाना इलाके के सिरहा गांव में एक हत्या हुई। लाश की हालत ऐसी थी कि उसे पहचानना मुश्किल था। पुलिस को संदेह हुआ कि मृतक की पहचान छिपाने के लिए लाश की ऐसी स्थिति की गई है। हालांकि उसके कपड़ों से उसकी शिनाख्त हो गई। इस बीच मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी बार-बार बेहोश हो रही थी। राजेश की शादी को अभी महज एक महीने ही गुजरे थे। लिहाजा हर कोई मृतक की पत्नी के बारे में सोचकर भावुक हो रहा था।
हत्या को लाइव देख रही थी पत्नी, कॉल डिटेल्स ने खोले राज
राजेश मुजफ्फरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। फिर उसकी लाश मिलने के बाद पुलिस ने पत्नी प्रियंका से पूछताछ की। उसने पुलिस को गुमराह करने की कहानी गढ़ी। जब पुलिस ने प्रियंका के मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाला तो पुलिस के भी होश उड़ गए। क्योंकि हत्या की वारदात की रात प्रियंका अपने बहनोई मधुबन निवासी शंभू प्रसाद से करीब डेढ़ दर्जन बार फोन पर बात कर चुकी थी। संदेह के बाद जब पुलिस ने प्रियंका से पूछताछ की तो उसके चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि जीजा शंभू ने इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के समय प्रियंका अपने जीजा से फोन पर लगातार संपर्क में थी और हत्या को मोबाइल पर लाइव देख रही थी।
जीजा से इश्क में खूनी वारदात, साजिश के तहत कराई शादी
तफ्तीश में पता चला है कि प्रियंका का अपने जीजा शंभू के साथ अनैतिक संबंध था। इसका विरोध शंभू की पत्नी लंबे समय से कर रही थी। तभी शंभू ने साजिश के तहत राजेश से उसकी शादी कराई। क्योंकि राजेश बाहर काम करता था और शंभू को यह उम्मीद थी कि शादी के बाद राजेश अपने काम पर बाहर चला जाएगा। जब ऐसा नहीं हुआ तो शंभू ने प्रियंका को ससुराल से अपने घर मधुबन बुला लिया। शक होने के बाद राजेश ने इसका विरोध किया। तब दोनों के बीच लड़ाई हो गई। आखिरकार शंभू और उसकी साली प्रियंका ने राजेश की हत्या की साजिश रची। मुजफ्फरपुर के कांटी में शादी समारोह से उसका अपहरण किया गया। फिर उसकी हत्या के बाद लाश को फेंक दिया। इस सनसनीखेज खुलासे से पुलिस भी दंग रह गई। पकड़ी दयाल डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि प्रियंका अपने जीजा के यहां 4 साल से रह रही थी। मार्च में प्रियंका के शादी हुई थी। प्रेम प्रसंग का खुलासा होने के बाद राजेश ने विरोध किया। इसलिए उसकी हत्या कर दी गई। पत्नी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि जीजा शंभू फरार है।