Bihar News में मानव तस्करी से जुड़े बड़े सिंडिकेट के खिलाफ ‘रिपब्लिकन न्यूज’ की मुहिम सुर्खियों में है। खबर प्रसारित होने के बाद अब पुलिस ने तत्काल जांच करते हुए एफआईआर दर्ज की है।
बेगूसराय में मानव तस्करी से जुड़े सिंडिकेट को बेनकाब करने की मुहिम का असर हुआ है। रिपब्लिकन न्यूज की खबर पर मुहर लग गई है। आरोपियों के घर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़ी बात ये है कि अब इस सिंडिकेट के तार अनैतिक देह व्यापार से भी जुड़ गए हैं।
अंतरराज्यीय गिरोह : मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार का खुलासा
‘रिपब्लिकन न्यूज’ ने गुरुवार को खबर Bihar News : मानव तस्करी के सबसे बड़े सिंडिकेट तक पहुंच सकती है बेगूसराय पुलिस, सूई की तलाश थी, तलवारों का जखीरा मिला प्रसारित किया था। इसके बाद पुलिस का एक्शन देखने को मिला है।
बेगूसराय एडीपीओ ने जानकारी दी है कि बखरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 की एक महिला को दूसरे राज्य ले जाया गया। वहां उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। किसी तरह महिला भागकर वापस गांव आ गई। आरोपियों द्वारा उसे धमकी देकर एफआईआर करने से रोका जा रहा था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की है। लेकिन आरोपी फरार हैं। महिला से पूछताछ में इस धंधे में कई लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। अन्य पीड़ितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में बखरी थाना कांड संख्या 72/24 दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कई महिलाओं व लड़कियों को बेचने का हो सकता है खुलासा
‘रिपब्लिकन न्यूज’ की तफ्तीश में मानव तस्करी के बड़े सिंडिकेट की जानकारी सामने आई है। सूत्रों का दावा है कि आसपास के इलाके की कई महिलाओं और लड़कियों के गायब होने के पीछे यह गैंग शामिल हो सकता है। कई पीड़िताओं ने रिपब्लिकन न्यूज से बात करते हुए खुद को बेचने की बात स्वीकार की है और आरोपियों के नाम का भी खुलासा किया है। एसडीपीओ के अनुसार, महिला को दूसरे राज्य ले जाकर उन्हें जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। ऐसे में साफ है कि मानव तस्करी के इस सिंडीकेट के तार अनैतिक देह व्यापार से भी जुड़े हैं।
बेगूसराय पुलिस ने दिलीप साह के नाम का किया था खुलासा
‘रिपब्लिकन न्यूज’ की खबर पर बेगूसराय पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक अहम जानकारी शेयर की है। बेगूसराय पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया है कि मामला संज्ञान में आते ही लड़कियों के परिजनों से पूछताछ की गई है।
पुलिस ने बताया है कि दिलीप साह नाम का व्यक्ति लड़कियों को बहला- फुसला कर राजस्थान भेजा गया था। मामले की जानकारी के बाद दिलीप साह के घर छापेमारी की गई। लेकिन वह फरार है।