Bihar Politics में खरमास बाद खेला शुरू है। मंगलवार की देर शाम पशुपति पारस राबड़ी आवास पहुंच गए।
Bihar News : राबड़ी आवास पहुंचे पशुपति पारस और प्रिंस राज
खरमास क्या खत्म हुआ, सियासी खेल शुरू हो गया। एक तरफ लोजपा रामविलास ने 5 साल बाद पार्टी दफ्तर पर जश्न मनाया तो दूसरी ओर पारस गुट ने भी सियासी हलचल बढ़ा दी है। केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान ताल ठोक कर 2025 में एनडीए सरकार बनने का दावा कर रहे हैं तो वहीं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चिराग के चाचा पशुपति पारस मंगलवार की देर शाम अंधेरे में राबड़ी आवास पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक राबड़ी आवास में पारस गुट के नेताओं की मीटिंग चली।
Pashupati Paras : पिछले दरवाजे से राबड़ी आवास में एंट्री
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और समस्तीपुर के पूर्व सांसद प्रिंस राज समेत पार्टी के कई नेता मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे राबड़ी आवास पहुंचे। दिलचस्प यह रहा कि पशुपति पारस की गाड़ी राबड़ी आवास में पिछले दरवाजे से घुसी, लेकिन तेजस्वी यादव के निकलने की खबर के कारण मीडिया का जमावड़ा वहां लगा हुआ था। लिहाजा पशुपति पारस और प्रिंस राज समेत पारस गुट के नेता मीडिया के कैमरे में कैद हो गए।
Chirag Paswan : मीडिया से बचते नजर आए पारस, चिराग का विरोध
पशुपति पारस गुट को एनडीए में तरजीह नहीं मिल रही है। चिराग पासवान अंदरखाने चाचा का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। ऐसे में पशुपति पारस के लिए विधानसभा चुनाव से पहले अपनी स्थिति को स्पष्ट करना जरूरी है। पशुपति पारस के महागठबंधन में शामिल होने की भी चर्चाएं हैं। हालांकि मंगलवार की शाम राबड़ी आवास से निकलने के बाद पशुपति पारस या प्रिंस राज समेत रालोजपा के किसी भी नेता ने मीडिया से बातचीत नहीं की। गाड़ी में बैठे सभी नेता खामोश रहे और मीडिया के कैमरे से बचते हुए तेजी से निकलते नजर आए।