2024 Election की तारीख अगले महीने घोषित हो जाएगी। राजनीतिक दलों की तैयारी यही बता रही है। भाजपा ने सीमांचल में अपना गेम प्लान बिछा दिया है।
किनारे दिख रहे नकवी, 2024 Election से पहले सीमांचल के मुख्तार
भारतीय जनता पार्टी (BJP Party) ने लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election) के लिए बिसात बिछा दी है। असद्दुदीन ओवैसी की पार्टी AIMIM की जमीन बिहार (Bihar News) के सीमांचल में है और भाजपा ने यहां अपने पुराने धुरंधर मुख्तार अब्बास नकवी को मैदान में भेज दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के कार्यकाल में ज्यादातर समय सीन से गायब रहे नकवी सोमवार को किशनगंज में जिला भाजपा कार्यसमिति (BJP News) की बैठक में थे। उन्होंने यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कैसे पीएम मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है और किस तरह उसे असुरक्षित करने के लिए विपक्ष का हर नेता मुंगेरी लाल के सपने देखता फिर रहा है।
शायराना अंदाज में नकवी ने कही पीएम मोदी के मन की बात
भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नकवी ने ‘गोदी’ शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस के लिए किया। कहा- कांग्रेस और उसका गोदी गिरोह मजबूत मोदी सरकार की जगह, मजबूर गोदी सरकार के जुगाड़ में लगा है। ऐसी मजबूर गोदी सरकार की चाहत है, जो रिमोट का रोबोट बनाकर चलाया जा सके। नकवी ने कहा- समाजवादी टीपू, सामंती सुल्तान जुगाड़ के जमघट से जनादेश के पनघट की डगर ढूंढ़ रहे हैं। इन्हें पता है- बहुत कठिन है डगर पनघट की। उस गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं, उससे ज्यादा महत्वाकांक्षी मतभेद हैं।
आतंकवाद पर मुख्तार की बात सुनकर लोगों ने बजाई तालियां
नकवी अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र में थे, लेकिन उन्होंने यहां भी आतंकवाद की चर्चा नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा- “आतंकवाद किसी सीमित मुल्क-मजहब नहीं, बल्कि मानवता के लिए मुसीबत है। दुनियाभर में उथलपुथल, हिंसा-हाहाकार के बीच भारत में नरेंद्र मोदी ने मजबूत, राष्ट्रवादी और निर्णायक नेतृत्व दिया, जिससे 140 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा निश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाई। यदि वैश्विक दहशत के इस दौर में कांग्रेस और उसका गोदी गिरोह सत्ता में होता तो आतंक की आफत से देश का बचना मुश्किल होता। देश का निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। कांग्रेस का गोदी जमघट 2024 के चुनावी पनघट पर चारों खाने चित होगा।”