Bihar News में खबर Bihar Floor Test से जुड़ी हुई है। सियासी उठापटक के बीच आरजेडी को लगा है तगड़ा झटका।
बिहार की राजनीति में खेल करने का दंभ भरने वाले तेजस्वी यादव को बड़ा झटका लगा है। तेजस्वी यादव के दो विधायक लापता हो गए है और ये दोनों ही विधायक बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। बड़ी बात यह है कि ये दोनों विधायक रविवार की रात तक तेजस्वी यादव के साथ थे। लेकिन उसके बाद जब वह आवास से निकले तो दोबारा उनसे संपर्क नहीं बन पा रहा है।
चेतन आनंद रात 2 बजे निकले, प्रशानिक अधिकारी भी थे साथ
बाहुबली आनंद मोहन के बेटे और शिवहर से राजद के विधायक चेतन आनंद को लेकर रविवार की रात बवाल हो गया। चेतन आनंद के भाई अंशुमन आनंद ने पाटलिपुत्र थाने में अपने भाई की गुमशुदगी की सूचना दी। लिहाजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेजस्वी यादव के आवास पर छापेमारी की। सूत्रों का दावा है कि रात करीब 2 बजे चेतन आनंद अधिकारियों के साथ तेजस्वी आवास से निकले। लेकिन अब तेजस्वी यादव और चेतन आनंद के बीच संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस बात के कयास पहले से लगाए जा रहे थे कि चेतन आनंद आखिरी समय में जदयू को यानी एनडीए को समर्थन दे सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो आरजेडी के लिए यह बड़ी हार होगी।
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी तेजस्वी आवास से गायब
मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी विधायक नीलम देवी के बारे में जानकारी मिल रही है कि वह रविवार की रात तेजस्वी यादव से मिलने पहुंची थी। इस मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव को भरोसा था कि नीलम देवी विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान राजद का समर्थन करने जरूर पहुंचेगी। लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार नीलम देवी और राजद का संपर्क भंग हो गया है। अब तक नीलम देवी विधानसभा नहीं पहुंची है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर क्यों नीलम देवी ने अचानक आरजेडी से किनारा कर लिया है? अगर नीलम देवी विधानसभा नहीं पहुंचती है तो तेजस्वी के खेल पर पूरी तरीके से पानी फिर जाएगा।