Bhumi Bihar : सीएम नीतीश कुमार तक पहुंची भूमि सर्वे में तारीखों की बात, अब मुख्यमंत्री ने लिया यह फैसला

रिपब्लिकन न्यूज़, पटना

by Republican Desk
0 comments

Bhumi Bihar News : बिहार में चल रहे भूमि सर्वे को लेकर उप मुख्यमंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री और अलग-अलग मंत्रियों और अफसरों की ओर से मिल रही अलग तारीखों की बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक पहुंची तो उन्होंने शनिवार को समीक्षा बैठक की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भूमि सर्वेक्षण और बंदोबस्ती को लेकर मंत्रियों-अफसरों से किया विमर्श। फोटो- RepublicanNews.in

Bihar News : भूमि सर्वेक्षण को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश ने किया एलान

कभी उप मुख्यमंत्री कुछ कह रहे तो कभी राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री कुछ और…! और, अधिकारी तीसरी ही दिशा में चल रहे। भूमि सर्वे (Bihar Land Record) को लेकर ऊहापाेह को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बिहार विशेष सर्वेक्षण (Bhumi Bihar) एवं बंदोबस्त कार्यक्रम (Land Bihar) की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बिहार (Bihar) के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव दीपक कुमार सिंह ने बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चलायी जा रही है। विशेष सर्वेक्षण संबंधित जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पदाधिकारियों द्वारा शिविर लगाकर सर्वे कार्य से संबंधित लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य में बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। इस दौरान भूधारकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूधारकों को डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने के लिये अधिक समय दिया जाए ताकि कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ नहीं हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल कार्यालयों में लंबित म्यूटेशन एवं परिमार्जन के मामलों का तेजी से अभियान स्वरूप निष्पादन सुनिश्चित कराया जाए ताकि भूधारकों को समुचित डॉक्यूमेंट्स मिल सके। सर्वे कार्य हेतु डॉक्यूमेंट्स का काम तथा म्यूटेशन, परिमार्जन एवं अभिलेखों के दुरूस्त करने का कार्य समानांतर तरीके से चलते रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रचार सुनिश्चित किया जाय। साथ ही अंचल स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हेतु समुचित कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च स्तर पर सर्वेक्षण कार्य की सतत् निगरानी एवं समीक्षा करते रहें। भूमि विवाद राज्य में आपराधिक घटनाओं का मुख्य कारण है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भू सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर भू अभिलेखों का अद्यतीकरण करायें और यह सुनिश्चित करें कि सारे भू अभिलेख डिजिटली भूधारकों को उपलब्ध हो सके। इस संबंध में जन साधारण को जानकारी के लिये समय-समय पर प्रचार-प्रसार के माध्यम से अवगत कराते रहें।

बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह, निदेशक, भू अभिलेख एवं परिमाप जे. प्रियदर्शिनी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment

Editors' Picks

Latest Posts

© All Rights Reserved.

Follow us on