Bihar News में Bihar Police के मैपल एप को सर्च किया जा रहा है। इस एक एप के जरिए अब आपको बड़ी राहत मिलने वाली है।
ट्रैफिक कंट्रोल : सड़क पर कहां और क्यों है जाम, हर अपडेट
आपके शहर या आपके गांव में किस सड़क पर कहां जाम की स्थिति है? किस इलाके में वीआईपी मूवमेंट होने वाली है? कौन सा इलाका धरना या प्रदर्शन के कारण बाधित रहेगा ? किस इलाके में दुर्घटना हुई है? यह तमाम जानकारी अब आप ऑनलाइन देख सकेंगे। पुलिस मुख्यालय और मैप माई इंडिया के बीच हुए करार के बाद बिहार चौथा राज्य होगा जहां इस तरह की सुविधा मिलेगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में यह सुविधा दी जा रही है। मैपल एप के जरिए आप किसी भी सफर पर निकलने से पहले उस रूट की स्थिति को लाइव देख सकेंगे। अगर आप कहीं मौजूद हैं और वहां आपको सड़क जाम या किसी दुर्घटना की सूचना मिलती है तो आप उस जानकारी को बिहार पुलिस से साझा करते हुए मेपल एप पर उसे अपडेट भी करवा सकते हैं। इस खबर में हम आपको बताएंगे कि मैपल एप के जरिए कैसे बिहार में ट्रैफिक कंट्रोल की कवायद की जा रही है।
एक अक्टूबर से मिलेगी सुविधा : एडीजी
आने वाले 1 अक्टूबर से यातायात से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ऑनलाइन रियल टाइम देखी जा सकेगी। शहरों से लेकर गांव तक कौन सी सड़क कहां जाम है। कौन सी सड़क वीआइपी मूवमेंट या धरना-प्रदर्शन के कारण बाधित है। किस सड़क पर दुर्घटना हुई है। यह सारी जानकारी वाहन चालकों को मैपल एप पर ऑनलाइन मिल सकेगी। इसके लिए बिहार पुलिस और मैप माई इंडिया के बीच करार हुआ है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुधांशु कुमार ने बताया कि मैपल एप पर बिहार के सभी जिलों के शहरी और ग्रामीण सड़कों से जुड़ी जानकारी लगातार अपडेट की जाएगी। इस सुविधा को एक अक्टूबर से राज्य के सभी जिलों में लागू करने का लक्ष्य है।
आम लोग भी अपलोड कर सकेंगें तस्वीर
एडीजी सुधांशु कुमार ने बताया कि मैपल एप पर तीन माध्यमों से यातायात से जुड़ी सूचनाएं अपडेट की जाएंगी। कंपनी के बेस मैप पर पहले से कई जानकारियां होंगी। इसके अलावा पुलिस की टीम भी लगातार जानकारियां अपडेट करेंगी। इसके लिए जिलास्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। आम लोग भी एप पर तस्वीर के माध्यम से दुर्घटना या जाम जैसी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। तस्वीर लेते ही अक्षांश-देशांतर के साथ जगह का नाम, तारीख और समय दर्ज होगा। इसकी पुष्टि के बाद इसे एप पर अपडेट कर दिया जाएगा।
एप पर मिलेंगी ये सभी जानकारी
इस एप के जरिए जलजमाव, डायवर्जन, ट्रैफिक लाइट की विफलता, ग्रिडलाक या अन्य खतरे की जानकारी। जुलूस, विरोध-प्रदर्शन, रैलियां, वीआइपी मूवमेंट, दुर्घटना जैसी आकस्मिक स्थिति की सूचना। सड़क पर ब्लैकस्पाट, खतरनाक मोड़, गति-सीमा, गति-अवरोधक जैसी सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी। सड़क के आसपास अस्पताल, पेट्रोल पंप, पर्यटन केंद्र, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे आदि की जानकारी। पर्व-त्योहार, राजनीतिक रैली आदि के समय किए गए रूट परिवर्तन आदि से जुड़ी सूचनाएं आसानी से हासिल की जा सकेंगी। इस एप के जरिए आपका सफर काफी आसान हो जाएगा।