Bihar News में खबर शेखपुरा से। यहां नवादा से एनडीए उम्मीदवार विवेक ठाकुर के लिए वोट मांगने पहुंचे अशोक चौधरी को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
चुनावी सरगर्मी के बीच बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी की भारी फजीहत हो गई। नवादा से एनडीए उम्मीदवार विवेक ठाकुर के लिए वोट मांगने पहुंचे अशोक चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई है। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ने की कोशिश की। जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनातनी भी हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों में इतना गुस्सा था था कि वे पुलिस के लाख समझने पर भी शांत नहीं हुए।
शेखपुरा में घिरे अशोक चौधरी, प्रदर्शनकारियों के आगे बेबस दिखी पुलिस
शेखपुरा जिला के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सामस गांव में मंत्री अशोक चौधरी नवादा से एनडीए उम्मीदवार विवेक ठाकुर के लिए वोट मांगने पहुंचे थे। इस दौरान यहां के स्थानीय लोगों ने अशोक चौधरी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। काफी देर तक नारेबाजी होती रही। अशोक चौधरी गो बैक के नारे से पुलिस भी परेशान हो गई। काफी देर तक पुलिस ग्रामीणों को खदेड़ने की कोशिश करती रही। लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। पुलिस के साथ प्रदर्शन कर रहे लोग भिड़ गए।
विकास नहीं होने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि हम लोग लगातार अशोक चौधरी को वोट देते आए हैं। उनके कहने पर एनडीए के नेताओं को वोट देते आए हैं। लेकिन अभी तक कोई भी विकास का काम नहीं हुआ है। इसलिए अशोक चौधरी के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है। नवादा लोकसभा सीट से विवेक ठाकुर चुनावी मैदान में हैं। उनके पक्ष में अशोक चौधरी वोट मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा।