Bihar News : बेगूसराय में हादसे की मिली खबर, पोस्टमार्टम में खुलासा, गोली मार कर युवक की हुई हत्या, पुलिस भी हैरान

by Republican Desk
0 comments

Bihar News में खबर बेगूसराय से जहां एक हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। घायल को किसी ने अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख कर पुलिस भी हैरान है।

आखिर इस हत्या को हादसा करार देने की कोशिश किसने की?

बेगूसराय में रविवार की सुबह पुलिस को एक हादसे की खबर मिली। सूचना थी कि एक युवक हादसे में घायल हो गया है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। अब इंतजार था पोस्टमार्टम रिपोर्ट का। लेकिन रिपोर्ट देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए। क्योंकि मौत की वजह हादसा नहीं, बल्कि गोली लगने से मौत की बात सामने आई है।

हादसे की खबर पर अस्पताल पहुंची पुलिस

रविवार की सुबह करीब 6:00 बजे बेगूसराय की मुफस्सिल थाना पुलिस को किसी ने सूचना दी कि कैथमा वार्ड संख्या 19 के रहने वाले फेरू सिंह उर्फ ब्रह्मदेव सिंह के बेटे सूरज कुमार को किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी है। हादसे के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस सूचना के बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंचे।

पोस्टमार्टम में खुलासा, गोली लगने से हुई मौत

पुलिस जब सदर अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर ने सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हादसे की पीछे की असल वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस खुद हैरान हो गई। एसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया है कि सूरज कुमार की मौत गोली लगने से हुई है।

गोली मार कर की गई हत्या, किसने दी हादसे की खबर?

सूरज कुमार की हत्या गोली मारकर की गई है। इस मौत का हादसे से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर इस हत्या को हादसा करार देने की कोशिश किसने की? क्या सूरज को अस्पताल पहुंचाने वाले यह जानते थे कि उसे गोली मारी गई है? अगर अस्पताल पहुंचाने वालों को यह खबर थी कि सूरज कुमार को गोली मारी गई है तो फिर उन्होंने पुलिस से झूठ क्यों बोला? इन तमाम सवालों का जवाब अब बेगूसराय पुलिस ढूंढ रही है। घटना की जानकारी देने वाले शख्स से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि सूरज को सदर अस्पताल लेकर कौन आया था और असल में यह घटना कहां हुई थी।

You may also like

Leave a Comment

Editors' Picks

Latest Posts

© All Rights Reserved.

Follow us on