Bihar News : पटना बायपास के जाम का झंझट इसी महीने तक; अगले महीने से नए रूट से हो सकेगी राजधानी में प्रवेश

रिपब्लिकन न्यूज़, पटना

by Rishiraj
1 comment

Bihar News : बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया से लेकर उत्तर पूर्वी राज्यों से बिहार की राजधानी आने पर सबसे बड़ा संकट फोर लेन टोल गेट से आगे निकलने पर बायपास शुरू होते ही दिखता है। यह संकट वित्तीय वर्ष के साथ ही खत्म होने वाला है।

चौथे चरण के काम का जायजा लेने पहुंचे पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन। अपडेट दे रहे बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक।

Bihar News : वित्तीय वर्ष के साथ पटना पहुंचने की बड़ी समस्या का होगा समाधान

पटना के मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर से भी राजधानी के शहरी क्षेत्र में आना मुश्किल हो रहा है। बायपास जब बना तो बहुत राहत मिली थी। लेकिन, अब पुरानी स्थिति ही लौट गई है। पटना प्रवेश के लिए टोल गेट से एंट्री के बाद ही परेशानी शुरू हो जा रही। संकट की तरह दो घंटे से ज्यादा का समय 10-12 किलोमीटर में चला जा रहा है।

बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, जमुई, मुंगेर समेत पूर्वोत्तर के राज्यों से कितनी भी जल्दी टोल प्लाजा तक पहुंच जाएं, लेकिन यहां पहुंचने के बाद शहर में घुसना मुश्किल हो जाता है। अच्छी खबर है कि अब यह संकट इसी वित्तीय वर्ष भर के लिए है। राज्य की नीतीश कुमार सरकार ने नया रास्ता बना लिया है और एक अप्रैल से वह खुल जाएगा।

बिहार के पथ निर्माण मंत्री माननीय नितिन नवीन ने गुरुवार को दीघा से दीदारगंज तक बने 21 किलोमीटर लंबे जेपी गंगा पथ के अंतिम सेगमेंट का निरीक्षण किया। कंगन घाट से दीदारगंज तक पांच किलोमीटर में बने पुल का जायजा लेते समय उनके साथ बिहार राज्य पथ निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, अभियंता प्रमुख सुनील कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र गुप्ता, महाप्रबंधक अरुण कुमार आदि भी मौजूद रहे।

Patna Bypass Road के जाम की जगह इस रास्ते से शहर के हृदयस्थल पहुंचेंगे

इस भ्रमण के बाद पथ निर्माण मंत्री ने मीडिया के जरिए आम लोगों को बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया- “यह प्रोजेक्ट 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। यह रूट एक तरफ जहां जेपी सेतु से जुड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर 6 लेन ब्रिज से। इस रूट के चालू होने से उत्तर बिहार से पटना आने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

वर्तमान में दीदारगंज से शहर प्रवेश करने में लोगों को दो घंटे का समय लगता है, इस कनेक्टिविटी से लोगों का समय बचेगा। इस पैच को गाय घाट, अशोक राजपथ, पीएमसीएच, गांधी मैदान, अटल पथ समेत कई जगहों से जोड़ा गया है, जिससे कि पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी। जल्द ही पटना घाट से भी इसकी कनेक्टिविटी की जाएगी।”

Nitin Navin : पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने जायजा लेने के बाद यह भी बताया

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार हर विकास कार्य को दोगुनी तेजी से करती है। इसलिए हमलोग इस रूट पर आवागमन सुचारु करने के बाद इसके विस्तारीकरण में लग जाएंगे, जिसके तहत दीघा से कोईलवर और दीदारगंज से मोकामा तक के बीच नई कनेक्विटी का काम तेजी से होगा। जल्द ही हमलोग इस पूरे पैच को मुख्यमंत्री समग्र उद्यान योजना से जोड़ने वाले हैं। फिलहाल 7 किलोमीटर तक के पैच को जोड़ा जाएगा, जिसके बाद गंगा किनारे बना यह रूट सुंदर-सुविधाजनक दिखेगा।

24 जून, 2022 को दीघा से पीएमसीएच तक पहले चरण में आवागमन शुरू किया गया था। वहीं दूसरा चरण 14 अगस्त, 2023 को पीएमसीएच से गायघाट तक शुरू किया गया था। इसके बाद 10 जुलाई, 2024 को तीसरे चरण में कंगन घाट तक आवागमन शुरू किया था। अब चौथा चरण कंगन घाट से दीदारगंज तक शुरू किया जाएगा।

You may also like

1 comment

Leave a Comment

Editors' Picks

Latest Posts

© All Rights Reserved.

Follow us on