Bihar News : बिहार में फिर एनकाउंटर हुआ है। पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में बेगूसराय के कुख्यात अपराधी को गोली लगी है।
Bihar Police : शेखपुरा में एनकाउंटर, बेगूसराय का कुख्यात गोलू जख्मी
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने चेतावनी दी थी। अपराधियों को डीजीपी ने चेताया था कि वह जिस भाषा में बात करेंगे पुलिस उसी भाषा में जवाब देगी। यही कारण है कि बिहार में अपराधियों को पुलिस उसी अंदाज में जवाब दे रही है। एक बार फिर पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। बेगूसराय के वांटेड अपराधी गोलू सिंह को शेखपुरा में पुलिस टीम ने घेर लिया। उसने पुलिस पर गोलियां बरसाई तो जवाब में पुलिस ने भी क्रॉस फायरिंग की। बेगूसराय के कुख्यात अपराधी को गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेगूसराय रेंज के डीआईजी आशीष भारती ने इसकी पुष्टि की है।
Begusarai News : शेखपुरा में गोलू के छिपे होने की मिली थी खबर
शेखपुरा में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ की खबर है। बेगूसराय के डीआईजी आशीष भारती ने बताया कि बेगूसराय पुलिस के द्वारा कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुख्यात गोलू सिंह की तलाश चल रही थी। इसी बीच मटिहानी थाना क्षेत्र के महाजी टोला निवासी रामशरण सिंह के पुत्र गोलू सिंह को पुलिस ने ट्रैक किया। गोलू सिंह बेगूसराय के टॉप -10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके ऊपर 50 हजार का इनाम भी घोषित है। पुलिस को सूचना मिली कि अपराधी गोलू सिंह शेखपुरा में छिपा है।
Sheikhpura News : बेगूसराय व शेखपुरा पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन
रविवार को बेगूसराय पुलिस की जिला आंसूचना इकाई बेगूसराय, STF SOG-3 तथा शेखपुरा की चेवरा थाना पुलिस ने चेवरा थाना क्षेत्र में उसे घेर लिया। बेगूसराय और शेखपुरा पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान गोलू सिंह को दबोचने की कोशिश की गई। तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां दागी। पुलिस की क्रॉस फायरिंग में गोलू सिंह को दाहिने पैर मे गोली लगी है। डीआईजी आशीष भारती ने गोलू सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलू सिंह 15 कांडों में संलिप्त था तथा मटिहानी थाना कांड संख्या 167/24 में फरार चल रहा था।