Bihar News : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार की शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों की जिम्मेदारी बदल दी। एक प्रतीक्षारत को पोस्टिंग मिली, एक को अतिरिक्त प्रभार मिला, एक का घटाया गया और चार को ट्रांसफर किया गया।
IAS Officer : राजेश कुमार कोसी प्रमंडल के आयुक्त
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने शुक्रवार की शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS Officer) के कई अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD Bihar) की ताजा अधिसूचना में कोसी प्रमंडल को नया आयुक्त दिया गया है। इस समय राज्य मानवाधिकार आयोग के सचिव की भूमिका देख रहे 2001 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश कुमार को कोसी का प्रमंडल आयुक्त बनाया गया है। उन्हें फिलहाल पूर्णिया के प्रमंडल आयुक्त का भी प्रभार दिया गया है।
Bihar News : दीपक कुमार सिंह छुट्टी पर, किन्हें मिला अतिरिक्त प्रभार?
1995 बैच के IAS अधिकारी डॉ. बी राजेंदर सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव के अलावा कई जिम्मेदारियों के अतिरिक्त प्रभार में हैं। उनके पास जन शिकायत के अपर मुख्य सचिव, प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के निदेशक और खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार है। डॉ. राजेंदर को ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, क्योंकि यह जिम्मेदारी निभा रहे अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह छुट्टी पर हैं।
IAS Officer : दयानिधान और प्रणव कुमार की नई जिम्मेदारी देखें यहां
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार के सचिव के साथ अतिरिक्त प्रभार में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी देख रहे 2006 बैच के IAS अधिकारी दयानिधान पांडेय को राजस्व परिषद पटना का अपर सदस्य बनाया गया है। 2008 बैच के IAS अधिकारी प्रणव कुमार को कला संस्कृति एवं युवा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह अबतक जिन जिम्मेदारियों को मुख्य तौर पर देख रहे थे, वह अब उनके अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।
गृह विभाग के सचिव, कारा एवं सुधार सेवाएं के महानिरीक्षक, सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त और बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम पटना के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार उनके पास रहेगा। इससे पहले प्रणव कुमार गृह विभाग के सचिव की प्राथमिक जिम्मेदारी के साथ कारा एवं सुधार सेवाएं के महानिरीक्षक और सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार देख रहे थे।
GAD Bihar : स्वास्थ्य विभाग के सचिव होंगे मनोज कुमार सिंह
2009 बैच के IAS अधिकारी मनोज कुमार सिंह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापसी के बाद सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देकर पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्हें पोस्टिंग दे दी गई है। मनोज कुमार सिंह को स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया है। 2007 बैच के आईएएस अधिकारी संजय कुमार सिंह से यह अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। संजय कुमार सिंह वाणिज्य कर विभाग के सचिव के साथ ही वाणिज्य कर आयुक्त और वस्तु एवं सेवा कर के अपर आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।
Seema Tripathi IAS : मानवाधिकार आयोग की सदस्य बनीं सीमा त्रिपाठी
सामान्य प्रशासन विभाग की ताजा अधिसूचना के तहत कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव सीमा त्रिपाठी को बिहार मानवाधिकार आयोग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह 2009 बैच की आईएएस अधिकारी हैं।