Bihar Weather News : बिहार भीषण शीत लहर की चपेट में है। ठंड से हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है।
Bihar News : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार में शीत लहर
बिहार में सर्द पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। 6 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रहीं हैं। यह और बढ़ सकती है। मौसम विभाग की मानें अगले दो से तीन दिनों तक यही हालात रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शीत लहर जैसे हालात बने रहेंगे। सर्द पछुआ हवा के कारण ठिठुरन बढ़ी है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने साफ तौर पर कहा है कि फिलहाल ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हफ्ते के अंत तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन तब तक ठंड का कहर जारी रहेगा।
Weather forecast : बिहार के इन जिलों में घने कोहरे की आशंका
बिहार मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 दिनों में पटना, भागलपुर, बक्सर, नालंदा, औरंगाबाद, समस्तीपुर, जहानाबाद, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सहरसा जिलों के भागों में देर रात एवं सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। अगले 2 दिनों में गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, पटना, वैशाली, गया, जहानाबाद नालन्दा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया जिलों के भागों में रात के समय ठिठुरन रहने का पूर्वानुमान है। अगले तीन दिनों के बाद तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। आज रात का तापमान 09 से 12°C के बीच रहेगा।
Patna News : कोहरा 2 हजार फीट ऊपर उठ कर जमा हो रहा
वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार, दिन में धूप न निकलने से दिन का तापमान 16°C से 18°C के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. अधिकांश जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है। हवा की गति तेज होने से यही कोहरा 1000 या 2000 फीट ऊपर उठ कर जमा हो जाता है। बादल के रूप में दिखाई देगा। इसके कारण सूर्य की किरणें धरती पर नहीं आ रही है और दिन में ठंडक बनी हुई है।